मुख्यमंत्री के मुज़फ्फरपुर आगमन पर भाकपा-माले ने पूछे नौ सवाल

मुख्यमंत्री के मुज़फ्फरपुर आगमन पर भाकपा-माले ने पूछे नौ सवाल

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुज़फ्फरपुर आगमन पर भाकपा-माले मुजफ्फरपुर के नगर सचिव सूरज कुमार सिंह,इंसाफ मंच मुजफ्फरपुर के जिलाध्यक्ष फहद जमां और शाहनवाज हुसैन उर्फ नौशाद ने सयुंक्त तौर पर मुख्यमंत्री से नौ सवाल पूछे.उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री जी आप बिहार में प्रगति यात्रा कर रहें हैं और मुशहरी में भी आपकी यात्रा सफल करने के लिए भारी तामझाम और घेराबंदी से आमलोग चकित हैं। क्या आप इस यात्रा के दौरान गरीबों, मजदूर-किसानों और आमलोगों के लिए कुछ ठोस घोषणा करेंगे -

1.  बिहार में सामाजिक सर्वे के बाद पिछले साल आपने घोषणा की थी कि सभी गरीबों को जिनकी वार्षिक आमदनी 72हजार रुपये से कम है उनको 2लाख रुपये की सहायता दी जायेगी ताकि वे कुछ अपना काम शुरू कर पाएं। लेकिन गरीबों को आय प्रमाण-पत्र बनवाने का अड़ंगा लगा दिया गया है और हजारों-हजार गरीब अंचल कार्यालय पर बार-बार प्रदर्शन कर आय प्रमाण- पत्र के लिए आवेदन दिए हैं,  लेकिन उनको आय प्रमाण- पत्र नहीं दिया जा रहा है। इसके लिए आप और आप की सरकार जिम्मेवार है इसपर आप क्या कहेंगे? गरीबों को कबतक 2 लाख की सहायता मिलेगी?

2. सरकार की घोषणा के अनसार सभी भूमिहीनों और गरीबों को 5डिसमिल वासभूमि और पक्का मकान कब तक मिलेगा?

3. सौन्दर्यीकरण और विकास के बहाने बरसो-बरस से बसे गरीबों को जबरन उजाड़ने का सिलसिला जारी है। लेकिन आपकी घोषणा के अनुसार उनको पुनर्वास की गारंटी किए बिना उजाड़ने पर आप की सरकार रोक लगाएगी? या यूपी की तरह बुलडोजर राज चलेगा? 

4. नदी के कटाव से विस्थापित या वासभूमि के अभाव में जो गरीब जहां भी मठ, सरकारी गैर मजरूआ जमीन, सिलिंग एक्ट से फाजिल व भूदान की जमीन में बसे हैं उन गरीबों को बासकीत जमीन का पर्चा मिलेगा? या अतिक्रमण के बहाने उनको उजाड़ दिया जायेगा। जिनको जमीन का पर्चा मिला हुआ है उसका दाखिल-खारिज और उनको उस जमीन पर बसाने की गारंटी आपकी सरकार करेगी?

 5. स्कीम वर्कर्स और स्वयं सहायता समूह में कार्यरत महिलाओं- विद्यालय रसोइयों, जीविका दीदियों, आशाकर्मी, आंगनबाडी़ सेविकाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और सम्मानजनक वेतन देने की  घोषणा आप की सरकार करेगी?

6. झारखंड के तर्ज पर बिहार में भी वृद्धावस्था पेंशन की राशि एक हजार की जायेगी और सभी महिलाओं को 3 हजार रुपये जीवन यापन भत्ता देने की घोषणा आप की सरकार करेगी?

7. मनरेगा में सभी ग्रामीण गरीबों को काम तथा 600रू मजदूरी मिलने की गारंटी होगी? मनरेगा में व्याप्त भारी लूट, भ्रष्टाचार व धांधली पर रोक आपकी सरकार लगा पायेगी? 

8. मुशहरी के रजवाडा़ व बुधनगरा सहित नदी के ढाब में बसे हजारों परिवार तथा छोटे-छोटे दलित टोले में जाने-आने के लिए पक्की सड़क व पल-पुलिया जल्दी से बनवाने की गारंटी होगी?
9. स्मार्ट मीटर से गरीबों, किसानों और आमलोगों की परेशानी चरम पर है। बहुत से परिवार अंधकार में रहने को विवश है। इसके कारण स्मार्ट मीटर का चौतरफा विरोध हो रहा है। लेकिन जबरन स्मार्ट मीटर लगाया गया है या लगाया जा रहा है। इस तरह के कंपनी राज पर आपकी सरकार रोक लगायेगी? गरीबों व कृषि कार्य के लिए बिजली फ्री करने की घोषणा आपकी सरकार करेगी? 

सूरज कुमार सिंह ने कहा कि गरीबों व आमलोगों की जिन्दगी और रोजी-रोटी से जुडे़ सवालों पर निश्चित ही मुख्यमंत्री को गंभीर होना चाहिए! नहीं तो आपकी प्रगति यात्रा से जनता की प्रगति तो नहीं हो पायेगी! और यह महज दिखावा और धोखा देने वाली यात्रा के रूप में ही लोग समझेंगे! गरीबों की भाषा में कहें तो 'थोडा़ लिखना बहुत समझना' आप पर निर्भर है। अपने हक-अधिकार के लिए तो जनता का आंदोलन जारी रहेगा! 

Comments

Popular posts from this blog

SIM कार्ड की ख़रीद पर लगा लिमिट

मुजफ्फरपुर में बढ़ रही है डेंगू